अली शमख़ानी ने ईरान का, क्षेत्र से अमरीका और उसके पिट्ठुओं को निकालने का भी संकल्प दोहराया। उन्होंने मंगलवार को अफ़ग़ान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हम्दुल्लाह मुहिब से मुलाक़ात में, पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाने को ईरान की मूल नीति बताया। उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान-ईरान के बीच बहुत सी समानताएं हैं, इसलिए ईरान की विदेश नीति में उसका विशेष स्थान है।
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद के सचिव ने विभिन्न विषयों ख़ास तौर पर क्षेत्र में आतंकवाद के विस्तार और क्षेत्र में सुरक्षा व स्थिरता के मुद्दों में ईरान-अफ़ग़ानिस्तान के संयुक्त हितों व ख़तरों की ओर इशारा करते हुए बल दिया कि ईरान, अफ़ग़ानिस्तान की क़ानूनी सरकार का भरपूर समर्थन करता है। उन्होंने तेहरान-काबुल के बीच राजनीति, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी बल दिया। अली शम्ख़ानी ने अफ़ग़ानिस्तान में आतंकी गुट दाइश की बढ़ती गतिविधियों और उसकी ओर से इस देश सहित क्षेत्रीय देशों की जनता के सामने ख़तरे पैदा करने के मद्देनज़र, कैंसर के इस फोड़े से मुक्ति पाने के लिए सभी देशों के बीच सहयोग पर बल दिया।
अफ़ग़ान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हम्दुल्लाह मुहिब ने भी, अपने देश की सरकार की, ईरानी राष्ट्र व सरकार के साथ सहयोग बढ़ाने पर तत्परता का एलान किया। उन्होंने पिछले 40 साल में ईरान में अफ़ग़ान जनता के प्रति इस्लामी गणतंत्र ईरान के भरपूर समर्थन और अफ़ग़ान जनता के साथ ईरानियों की मेहमान नवाज़ी का ज़िक्र करते हुए कहा कि अफ़ग़ान सरकार और राष्ट्र, ईरानी जनता और सरकार की ओर से मिलने वाली मदद व समर्थन की सराहना करते हैं और इसके लिए आभारी रहेंगे।